देहरादून: उत्तराखण्ड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) से आज राजभवन (लोक भवन) में उत्तराखण्ड संस्कृत विश्वविद्यालय, हरिद्वार के नवनियुक्त कुलपति प्रो. रमाकांत पांडेय ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान विश्वविद्यालय के भविष्य और संस्कृत भाषा के उत्थान को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा हुई।
राज्यपाल ने प्रो. रमाकांत पांडेय को कुलपति जैसे गरिमामय और चुनौतीपूर्ण पद का दायित्व संभालने पर हार्दिक बधाई दी। उन्होंने आशा व्यक्त की कि प्रो. पांडेय के नेतृत्व में विश्वविद्यालय शैक्षणिक ऊंचाइयों को छुएगा। वार्ता के दौरान राज्यपाल ने इस बात पर जोर दिया कि संस्कृत केवल एक भाषा नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति का आधार है। उन्होंने विश्वविद्यालय से संस्कृत भाषा के संरक्षण, संवर्धन और इसे आधुनिक तकनीक से जोड़ने का आह्वान किया।
