शिमला: शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग में हिमाचल ने कांस्य पदक जीता है। लेह में आयोजित खेलो इंडिया विंटर गेम्स में हिमाचल ने पहली बार सफलता पाई है। आइस स्केटिंग एसोसिएशन हिमाचल प्रदेश के अध्यक्ष रोशन ठाकुर ने कहा कि हिमाचल टीम ने शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग में लडक़ों के वर्ग में पहली बार खेलो इंडिया विंटर गेम्स में तीन हजार मीटर रिले रेस में कांस्य पदक जीता है।
उन्होंने बताया कि टीम के सदस्य दिव्यांश ठाकुर, कौशल ठाकुर, समर्थ अत्री, आशुतोष ठाकुर ने अपनी प्रतिभा के जौहर दिखाते हुए तीसरा स्थान हासिल किया है। उन्होंने बताया कि होनहार खिलाड़ी समर्थ अत्री शिमला से हैं, जबकि अन्य सभी होनहार मनाली से हैं। उन्होंने बताया कि हिमाचल टीम अब 25 से 30 जून तक देहरादून में आयोजित होने वाली प्रतियोगिता में भाग लेगी। आइस स्केटिंग एसोसिएशन इंडिया के अध्यक्ष अमिताभ शर्मा ने हिमाचल टीम को बधाई दी।
