डॉ. मुरली मनोहर जोशी के जन्मदिवस पर दिल्ली में सीएम धामी ने शिष्टाचार भेंट कर लिया आशीर्वाद

नई दिल्ली/देहरादून: भारतीय जनता पार्टी के मार्गदर्शक, प्रखर विद्वान और पूर्व केंद्रीय मंत्री ‘पद्म विभूषण’ डॉ. मुरली मनोहर जोशी ने आज अपने जीवन के 91वें वर्ष में प्रवेश किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उन्हें हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली प्रवास के दौरान डॉ. मुरली मनोहर जोशी से शिष्टाचार भेंट की। मुख्यमंत्री ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर उनके उत्तम स्वास्थ्य और सुदीर्घ जीवन की कामना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. जोशी का जीवन अनुशासन और वैचारिक प्रतिबद्धता का उत्कृष्ट उदाहरण है और उनका मार्गदर्शन उत्तराखंड के विकास के लिए हमेशा प्रेरणादायी रहता है।