अतिक्रमण और अवैध पार्किंग पर चला देहरादून नगर निगम का डंडा, 75 वाहनों के चालान, 11 बिल बोर्ड जब्त

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ‘जीरो टॉलरेंस ऑन एनक्रोचमेंट’ के निर्देशों के क्रम में देहरादून के व्यस्ततम क्षेत्रों में अवैध अतिक्रमण और पार्किंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई। नगर आयुक्त नमामि बंसल के नेतृत्व में चली इस मुहिम में जिला प्रशासन, पुलिस और परिवहन विभाग के आला अधिकारी सड़कों पर उतरे। संयुक्त टीम ने शहर के हृदय स्थल घंटाघर (GPO) से अभियान की शुरुआत की, जिसके बाद एस्लेहॉल, कनक चौक, पंत रोड और चकराता रोड पर सघन चेकिंग की गई। इन क्षेत्रों में फुटपाथों और सड़कों पर कब्जा जमाए बैठे दुकानदारों और बेतरतीब खड़े वाहनों के खिलाफ सख्त कदम उठाए गए। प्रशासन द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, अभियान के दौरान  फुटपाथों से 6 अवैध ठेलियां, 4 काउंटर और यातायात बाधित कर रहे 11 बिल बोर्ड हटाकर जब्त किए गए।  कुल 8 दुकानदारों पर नियमों के उल्लंघन के लिए ₹16,000 का जुर्माना लगाया गया। सड़कों पर बेतरतीब खड़े और नो-पार्किंग जोन में पार्क किए गए 75 वाहनों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई।

इस महत्वपूर्ण अभियान के दौरान नगर आयुक्त नमामि बंसल के साथ पुलिस अधीक्षक (नगर), नगर मजिस्ट्रेट और संभागीय परिवहन अधिकारी (RTO) मौजूद रहे। अधिकारियों ने मौके पर ही जनता और व्यापारियों को चेतावनी दी कि फुटपाथ पैदल चलने वालों के लिए हैं, न कि व्यवसायिक गतिविधियों के लिए। अभियान के दौरान नगर आयुक्त ने घंटाघर से राजपुर रोड तक नगर निगम के पार्किंग स्थलों का भी स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के स्वामियों को सख्त लहजे में निर्देश दिए कि वे अपने और अपने ग्राहकों के वाहनों के लिए निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में फुटपाथ पर वाहन खड़े मिले, तो वाहन का पंजीकरण निरस्त करने की सिफारिश भी की जा सकती है।