राष्ट्रीय मंच पर छाया हिमाचल का जिला किन्नौर, ‘कला उत्सव’ में जनजातीय छात्रों ने पेश की समृद्ध संस्कृति

रिकांगपिओ: समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत राष्ट्रीय कला उत्सव का आयोजन 20 से 25 दिसंबर तक पूणे (महाराष्ट्र) में किया गया। इस उत्सव में हिमाचल प्रदेश से विभिन्न 18 कला प्रतियोगिताओं में 29 प्रतिभागियों ने भाग लिया। इनमें से 12 प्रतिभागी राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला निचार जिला किन्नौर से थे। निचार स्कूल के इन विद्यार्थियों ने समूह गान, लोक नृत्य और नाटक में भाग लेकर राज्य का प्रतिनिधित्व किया।

इन विद्यार्थियों का चयन नवंबर माह में चंबा में आयोजित राज्य स्तरीय कला प्रतियोगिताओं में हुआ था, जिसके आधार पर इन्हें राष्ट्रीय स्तर के लिए चुना गया। राष्ट्रीय कला उत्सव का आयोजन प्रतिवर्ष समग्र शिक्षा के अंतर्गत किया जाता है, जिसमें गायन, संगीत, चित्रकला, नाटक, लोक नृत्य एवं पारंपरिक कथा वाचन जैसी विभिन्न कलात्मक गतिविधियां शामिल होती हैं। एक ही विद्यालय के विद्यार्थियों का तीन अलग-अलग गतिविधियों में राज्य का प्रतिनिधित्व करना जिला किन्नौर के लिए गर्व का विषय है। इन विद्यार्थियों को तैयार करने में विद्यालय की अध्यापिका डाक्टर रतन कुमार, और जिला कला उत्सव के समन्वयक राज कपूर का सराहनीय योगदान रहा है।