मुख्यमंत्री की फटकार लाई रंग: ISBT से गंदगी और अव्यवस्था दूर, सफाई, CCTV और सुविधाओं में हुआ व्यापक सुधार

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा हाल ही में किए गए औचक निरीक्षण के बाद देहरादून स्थित अंतर्राज्यीय बस टर्मिनल (ISBT) की व्यवस्थाओं में हुए व्यापक सुधारों से यात्रियों और स्थानीय व्यापारियों ने राहत की साँस ली है। सुधारों को देखते हुए उन्होंने मुख्यमंत्री का हृदय से आभार व्यक्त किया है।

मुख्यमंत्री धामी ने अपने निरीक्षण के दौरान आईएसबीटी परिसर में फैली गंदगी और अव्यवस्था को देखकर कड़ी नाराजगी व्यक्त की थी। उन्होंने अधिकारियों को आईना दिखाते हुए स्वयं झाड़ू उठाकर सफाई भी की थी, और सख्त चेतावनी दी थी कि अगली बार निरीक्षण में कोई खामी नहीं मिलनी चाहिए।

उनके कड़े निर्देशों के बाद, आईएसबीटी परिसर में निम्न महत्वपूर्ण सुधार देखने को मिले हैं। परिसर में गंदगी को हटाकर नियमित और बेहतर साफ-सफाई सुनिश्चित की गई है। पीने के पानी, शौचालय और बैठने की पर्याप्त व्यवस्था को दुरुस्त किया गया है। यात्रियों की सुरक्षा की दृष्टि से सभी सीसीटीवी कैमरे क्रियाशील किए गए हैं।यात्री सूचना बोर्ड और अनाउंसमेंट सिस्टम को ठीक किया गया है, जिससे यात्रियों को बसों और रूट की सही जानकारी मिल रही है। बस स्टेशन परिसर की रोड का टेंडर भी जारी हो चुका है, जिससे जल्द ही सड़कों की स्थिति सुधरेगी।

मुख्यमंत्री के निरीक्षण के कारण हुए इन सकारात्मक बदलावों से यात्री और बस अड्डे पर कारोबार करने वाले स्थानीय व्यापारी, दोनों ही संतुष्ट हैं। यात्रियों का कहना है कि अब बस अड्डे पर पहले से बहुत बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं और गंदगी की समस्या लगभग खत्म हो गई है। स्थानीय दुकानदार सचिन रतूड़ी ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सफाई और सुविधाओं में सुधार होने से न केवल यात्रियों को बल्कि यहाँ व्यवसाय करने वाले लोगों को भी राहत मिली है।