गाबा: इंग्लैंड के टॉप रन स्कोरर जो रूट ने आखिरकार ऑस्ट्रेलिया में भी टेस्ट शतक लगा ही दिया। गुरुवार को ब्रिस्बेन के द गाबा स्टेडियम में उन्होंने 181 गेंद पर सेंचुरी पूरी की। यह उनके टेस्ट करियर की 40वीं सेंचुरी रही, लेकिन ऑस्ट्रेलिया में पहली बार ही वे इस कारनामे को कर सके। रूट इंटरनेशनल करियर में 59 शतक लगा चुके हैं। एशेज के दूसरे टेस्ट के पहले दिन इंग्लैंड ने नौ विकेट खोकर 325 रन बनाए। होम टीम के लिए लेफ्ट आर्म पेसर मिचेल स्टार्क ने छह विकेट लिए। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लिश टीम ने पांच रन पर दो विकेट गंवा दिए। बेन डकेट और ओली पोप खाता खोले बगैर ही पैवेलियन लौट गए। जैक क्रॉली ने फिर जो रूट के साथ सेंचुरी पार्टनरशिप कर ली।
क्रॉली 76 रन बनाकर आउट हुए और दोनों के बीच 117 रन की पार्टनरशिप टूटी। तीन विकेट गिरने के बाद रूट ने एक एंड संभाल लिया। उनके सामने हैरी ब्रूक 31, कप्तान बेन स्टोक्स 19 और जैमी स्मिथ खाता खोले बगैर आउट हो गए। विल जैक्स भी 19 रन बनाकर आउट हुए। रूट ने फिर स्कॉट बोलैंड की गेंद पर फाइन लेग की ओर चौका लगाया और अपनी 40वीं टेस्ट सेंचुरी पूरी कर ली। रूट को ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट शतक लगाने के लिए 30 पारियां लग गईं। दिन का खेल खत्म होने तक टीम ने नौ विकेट खोकर 325 रन बना लिए। रूट 135 और आर्चर 32 रन बनाकर नॉटआउट रहे।
