टिहरी बस दुर्घटना पर मुख्यमंत्री धामी ने जताया शोक

देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने टिहरी जिले के नरेंद्रनगर कुंजापुरी मंदिर के समीप हुए एक दर्दनाक बस दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। दुर्घटना की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री ने तत्काल प्रभाव से जिला प्रशासन और बचाव टीमों को राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री धामी ने इस दुखद घटना में दिवंगत हुए लोगों के प्रति अपनी संवेदनाएँ व्यक्त की हैं। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की है कि वह दिवंगतों की आत्मा को श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें और इस असीम दुःख की घड़ी में शोकाकुल परिजनों को यह असहनीय पीड़ा सहन करने की शक्ति दें।

मुख्यमंत्री ने बताया कि दुर्घटना में घायल हुए यात्रियों को तत्काल सहायता प्रदान की जा रही है। उन्होंने कहा घायलों को जिला प्रशासन और SDRF (राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल) की टीमों द्वारा दुर्घटनास्थल से निकालकर नजदीकी अस्पताल भेजा जा रहा है। हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए लोगों को बेहतर इलाज के लिए तुरंत AIIMS, ऋषिकेश रेफर किया गया है।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी घायलों को सर्वश्रेष्ठ चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित की जाए और उनके इलाज में किसी भी प्रकार की कोई कमी न रहे। यह दुर्घटना कुंजापुरी मंदिर मार्ग पर हुई, जो एक पहाड़ी क्षेत्र है। प्रशासन दुर्घटना के कारणों की जाँच कर रहा है।