अल्मोड़ा के स्कूल परिसर से भारी मात्रा में संदिग्ध विस्फोटक बरामद, झाड़ियों में छिपाकर रखे थे 161 पैकेट

अल्मोड़ाः हरियाणा के फरीदाबाद के बाद अब उत्तराखंड के अल्मोड़ा में विस्फोटक मिलने से हड़कंप मच गया है. जिले के राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय डभरा परिसर से शुक्रवार को भारी मात्रा में संदिग्ध विस्फोटक सामग्री बरामद हुई है. झाड़ियों में छिपाकर रखे गए 161 बेलनाकार पैकेट मिले हैं. घटना का खुलासा तब हुआ जब विद्यालय के प्रभारी प्रधानाचार्य सुभाष सिंह को झाड़ियों में संदिग्ध पैकेट दिखाई दिए. उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी. इसके बाद अपर उपनिरीक्षक दीवान सिंह बिष्ट और अपर उपनिरीक्षक लोमेश कुमार टीम सहित मौके पर पहुंचे और क्षेत्र की घेराबंदी कर दी. उधमसिंह नगर तथा नैनीताल जिलों की बीडीएस और डॉग स्क्वॉड टीमें मौके पर पहुंचीं.

करीब 60 किलो जिलेटिन रॉड
सल्ट में विस्फोटक मिलने के मामले को लेकर बड़ा खुलासा किया गया है. सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक विस्फोटक सामग्री में माइनिंग में इस्तेमाल होने वाली जिलेटिन स्टिक हैं. सूत्रों के मुताबिक कुमाऊं के बम स्क्वायड ने जांच की. सूत्रों ने बताया कि करीब 60 किलो की जिलेटिन रॉड्स मिली हैं. जिलेटिन रॉड्स का इस्तेमाल विस्फोट करने में होता है. बताया जा रहा है कि ये जिलेटिन रॉड्स डिस्पोज करने के इरादे से फेंके गए थे. आशंका जताई जा रही है कि ये जिलेटिन रॉड्स किसी कंस्ट्रक्शन साइट से आए होंगे. पुलिस फिलहाल छानबीन में जुटी हुई है. आसपास कंस्ट्रक्शन साइट्स को भी खंगाला जा रहा है.

स्कूल के पीछे वाली झाड़ी से मिले 161 विस्फोटक पैकेट
डॉग मौली और रैम्बो की मदद से विस्तृत तलाशी अभियान चलाया गया. तलाशी में पहले स्थान से कुछ पैकेट और लगभग 15-20 फीट आगे दूसरे स्थान से और पैकेट बरामद हुए. कुल 161 विस्फोटक पैकेट बरामद हुए. सभी पैकेट सुरक्षित तरीके से कवर कर सील किए गए. बम निरोधक दस्ते ने सभी संदिग्ध पैकेटों को एकत्र कर सुरक्षित स्थान पर रखा और सील पैक किया. टीम ने स्पष्ट किया कि ये जैलेटिन रॉड प्रकार की विस्फोटक सामग्री है, जिसे सुरक्षा कारणों से नियंत्रित तरीके से नष्ट किया जाना आवश्यक है. पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी और साक्ष्य संकलन किया गया है.