मंत्री डॉ. धन सिंह रावत को सर्वोच्च राष्ट्रीय सम्मान ‘सिल्वर एलीफेंट अवॉर्ड’ से होंगे सम्मानित

देहरादून: उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत को भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के सर्वोच्च राष्ट्रीय सम्मान ‘सिल्वर एलीफेंट अवॉर्ड’ से सम्मानित किया जाएगा। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल द्वारा आगामी 26 नवंबर 2025 लखनऊ स्थित राजभवन में प्रदान किया जायेगा। यह सम्मान उन्हें स्काउट एंड गाइड आंदोलन में उनके उत्कृष्ट योगदान और प्रभावी नेतृत्व के लिए दिया जा रहा है।

डॉ. धन सिंह रावत वर्तमान में भारत स्काउट एंड गाइड्स की उत्तराखंड इकाई के प्रादेशिक अध्यक्ष भी हैं। इस सम्मान के साथ, वह उन विशिष्ट व्यक्तियों की श्रेणी में शामिल हो जाएंगे, जिन्होंने राष्ट्र और समाज के प्रति समर्पित इस आंदोलन को नई ऊंचाइयों पर ले जाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

यह राष्ट्रीय सम्मान डॉ. रावत को इसलिए प्रदान किया जा रहा है क्योंकि उन्होंने अपने नेतृत्व में उत्तराखंड में स्काउट एंड गाइड आंदोलन को मजबूत और व्यापक बनाया है। उन्होंने इस संगठन को युवाओं को जिम्मेदार, सक्षम और संवेदनशील नागरिक बनाने के उद्देश्य से आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है, जिसके परिणामस्वरूप उत्तराखंड के असंख्य युवाओं को सामाजिक सेवा और आपदा प्रबंधन जैसे क्षेत्रों में प्रशिक्षण मिला है।

डॉ. रावत ने भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा है कि यह संस्था देश के युवाओं के भविष्य को संवारने में निरंतर महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।