भारत और अफ्रीका के बीच पहला टेस्ट मैच कोलकाता में सुबह 9:30 बजे से शुरू

कोलकाता: भारत और साउथ अफ्रीका के बीच दो टेस्ट की सीरीज का पहला मुकाबला शुक्रवार से कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम में खेला जाएगा। मैच सुबह 9:30 बजे शुरू होगा। वहीं, दिल्ली में हुए ब्लास्ट के बाद कोलकाता पुलिस ने ईडन गार्डन्स स्टेडियम और आसपास की सुरक्षा बढ़ा दी है। साउथ अफ्रीका ने तेंबा बावुमा की कप्तानी में अब तक एक भी टेस्ट नहीं गंवाया है, लेकिन इस बार टीम के सामने भारत की चुनौती होगी। साउथ अफ्रीका को भारत में पिछले 15 सालों से एक भी टेस्ट में जीत नहीं मिली है। यहां टीम को आखिरी जीत 2010 में मिली थी। उसके बाद भारत में आठ मैच खेले गए, जिसमें सात होम टीम ने जीते, जबकि एक ड्रॉ रहा। वहीं, बतौर कप्तान बावुमा ने 10 टेस्ट मैचों में नौ में जीत और एक ड्रॉ कराया है।

वहीं, भारतीय कप्तान शुभमन गिल इस साल 1000 टेस्ट रन पूरे करने से 21 रन दूर हैं। उन्होंने इस साल आठ मैचों में पांच शतक लगाकर 979 रन बना दिए हैं। भारत और साउथ अफ्रीका के बीच अब तक टेस्ट क्रिकेट में जबरदस्त मुकाबले देखने को मिले हैं। दोनों टीमों के बीच 44 टेस्ट मैच खेले गए, जिनमें भारत ने 16 और साउथ अफ्रीका ने 18 मुकाबलों में जीत दर्ज की, जबकि 10 मैच ड्रॉ रहे। वहीं, भारत ने अपने घर में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 19 टेस्ट खेले, जिनमें से 11 जीते और पांच गंवाए। वहीं, तीन मुकाबले ड्रॉ रहे। आखिरी टेस्ट सीरीज दोनों टीमों के बीच 2023-24 में अफ्रीका में खेली गई थी, जो 1-1 से ड्रॉ रही।

नीतीश रेड्डी को टेस्ट स्क्वॉड से रिलीज कर दिया गया। वह इंडिया-ए से साउथ अफ्रीका-ए के खिलाफ वनडे खेलते नजर आएंगे। भारतीय टीम के असिस्टेंट कोच रेयान टेन डोश्चेट ने कहा, हम टीम कॉम्बिनेशन को लेकर काफी हद तक क्लियर हैं। पिछले छह महीनों में धु्रव ने जिस तरह का प्रदर्शन किया है। खासकर पिछले सप्ताह बंगलुरु में साउथ अफ्रीका-ए के खिलाफ दो शतक लगाकर वे निश्चित रूप से इस हफ्ते खेलेंगे। हमारी प्राथमिकता मैच जीतने की रणनीति तैयार करना है। नीतीश के मामले में हमारी स्थिति नहीं बदली है। उन्हें ऑस्ट्रेलिया में ज्यादा खेलने का मौका नहीं मिला, लेकिन इस सीरीज के महत्व और हालात को देखते हुए संभव है कि इस हफ्ते वह पहले टेस्ट में न खेलें।

भारत: यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत, ध्रुव जुरेल, रविंद्र जडेजा, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, मोहम्मद सिराज, जसप्रीत बुमराह।

साउथ अफ्रीका: एडन मार्करम, टोनी डी जॉर्जी, ट्रिस्टन स्टब्स, तेंबा बावुमा (कप्तान), डेवाल्ड ब्रेविस, काइल वेरिने (विकेटकीपर), सेनुरन मुथुसामी, साइमन हार्मर, केशव महाराज, मार्को यानसन, कगिसो रबाडा।

ईडन गार्डन्स स्टेडियम छह साल बाद टेस्ट की मेजबानी करेगा। आखिरी बार यहां नवंबर, 2019 में भारत और बांग्लादेश के बीच पिंक बॉल डे-नाइट टेस्ट खेला गया था, जिसमें भारत ने एकतरफा जीत दर्ज की थी।