भूटान से लौटते ही प्रधानमंत्री मोदी दिल्ली धमाके के घायलों से मिलने पंहुचे अस्पताल

नई दिल्ली: अपनी भूटान यात्रा संपन्न कर लौटे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को सीधे लोकनायक जयप्रकाश (LNJP) अस्पताल पहुंचकर दिल्ली कार धमाके में घायल हुए लोगों से मुलाकात की। प्रधानमंत्री का यह त्वरित और संवेदनशील कदम न केवल उनकी संवेदनशीलता, आत्मीयता और करुणा का परिचायक है, बल्कि यह भी दर्शाता है कि वह हर सुख-दुःख की घड़ी में देशवासियों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं।

सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी भूटान से एयरपोर्ट पर उतरने के बाद सीधे एलएनजेपी अस्पताल पहुंचे, जहाँ लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुए इस भयानक विस्फोट के घायलों का इलाज चल रहा है। उन्होंने व्यक्तिगत रूप से प्रत्येक घायल व्यक्ति से मुलाकात की, उनका हालचाल जाना और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। प्रधानमंत्री ने इस दौरान घायलों के परिजनों से भी बात की और उन्हें भरोसा दिलाया कि सरकार इस मुश्किल घड़ी में पूरी तरह उनके साथ खड़ी है और उनके इलाज में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन और डॉक्टरों की टीम से भी बातचीत की और यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि घायलों को सर्वोत्तम संभव चिकित्सा सहायता प्रदान की जाए।

प्रधानमंत्री ने अपनी भूटान यात्रा के दौरान भी इस घटना पर दुःख व्यक्त किया था और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई का संकल्प दोहराया था। अस्पताल में मुलाकात के बाद सरकार के सूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री का यह कदम यह संदेश देता है कि देश की सुरक्षा और संप्रभुता के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा। “हम सभी को पूर्ण विश्वास है कि इस कायरतापूर्ण घटना में शामिल षड्यंत्रकारियों को कठोर, निर्णायक और उचित उत्तर दिया जाएगा। हमारी एजेंसियां इस साजिश की तह तक जाएंगी और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।”

इस मामले की जांच अब राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) को सौंप दी गई है और सुरक्षा एजेंसियां दिल्ली से लेकर जम्मू-कश्मीर तक सक्रिय हैं। प्रधानमंत्री की घायलों से मुलाकात ने देशवासियों के बीच यह विश्वास और मजबूत किया है कि सरकार आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर कायम है।

यह उच्च तीव्रता वाला विस्फोट सोमवार शाम को लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास एक धीमी गति से चलती कार में हुआ था, जिसमें कई लोगों की मौत हो गई थी और बड़ी संख्या में लोग घायल हुए थे।