नौसेना में शामिल हुआ तीसरा स्वदेशी सर्वेक्षण पोत ‘आईएनएस इक्षक’

कोच्चि: तीसरा स्वदेशी जल सर्वेक्षण पोत आईएनएस इक्षक गुरुवार को कोच्चि स्थित नौसेना बेस में नौसेना के बेड़े में शामिल हो गया। यह महिलाओं के लिए विशेष आवास के साथ डि•ााइन किया गया पहला जल सर्वेक्षण पोत है। नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी ने इस अवसर पर समुद्री क्षेत्र में भू-राजनीति, प्रौद्योगिकी और रणनीति संबंधी बड़े बदलावों का उल्लेख करते हुए कहा है कि समुद्र में प्रभुत्व, संसाधनों और संपर्क के क्षेत्र में प्रतिस्पर्धा लगातार बढ़ रही है।

नौसेना प्रमुख ने भारतीय नौसेना को शक्ति और स्थिरता का प्रतीक बताया और कहा कि नौसेना संचालन क्षमताओं को बढ़ाने के साथ साथ अपनी पहुंच का विस्तार कर रही है और समान विचारधारा वाले देशों के साथ सहयोगात्मक पहलों को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि भारतीय नौसेना पूरे क्षेत्र में स्वतंत्र, खुले तथा समावेशी वैश्विक साझा हितों को आकार देने और सबसे पहले मदद का हाथ बढाने वाले पसंदीदा सुरक्षा भागीदार के रूप में भारत की भूमिका को रेखांकित कर रही है।