एडिलेड: ऑस्ट्रेलिया ने गुरुवार को टॉस जीतकर भारत के खिलाफ दूसरे एकदिवसीय मुकाबले में पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। भारत के लिए शुरूआत अच्छी नहीं रही और कप्तान शुभमन गिल नौ रन बनाकर आउट हो गए। भारत को सबसे बड़ा झटका उस वक्त लगा जब रन मशीन विराट कोहली जीरो पर आउट हो गए। विराट ने महज चार गेंदें ही खेलीं। इस तरह कोहली के फैंस एक बार फिर निराश हुए, क्योंकि पर्थ की तरह एडिलेड में भी विराट कोहली का बल्ला खामोश रहा। हालांकि उसके बाद रोहित शर्मा और श्रेयस अय्यर ने भारतीय पारी को संभाला और टीम का स्कोर 29 ओवर में 135 रन पर पहुंचा दिया। खबर लिखे जाने तक रोहित शर्मा 73 और श्रेयस अय्यर 50 रन पर खेल रहे थे।
इससे पहले आज यहां ऑस्ट्रेलिया के कप्तान मिचेल मार्श ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी का न्यौता दिया। टॉस के बाद मिचेल मार्श ने आज के मैच के लिए हमारी टीम में दो बदलाव हैं। एलेक्स केरी और जेवियर बार्टलेट ने जॉश फिलिपे और नेथन एलिस की जगह ली है। वहीं भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने कहा हम भी पहले गेंदबाजी करना चाहते थे लेकिन पहले बल्लेबाजी करने पर भी खुश हैं। बारिश में चीजें मुश्किल हो जाती हैं और आशा करते हैं कि आज कोई बाधा नहीं आएगी। हमारी टीम में कोई बदलाव नहीं है
भारत एकादश—शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, अक्षर पटेल, केएल राहुल (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, नीतीश कुमार रेड्डी, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह और मोहम्मद सिराज।
ऑस्ट्रेलिया एकादश— मिचेल मार्श (कप्तान), ट्रैविस हेड, मैथ्यू शॉर्ट, मैथ्यू रेनशॉ, एलेक्स केरी (विकेटकीपर), कूपर कॉनली, मिचेल ओवेन, जेवियर बार्टलेट, मिचेल स्टार्क, एडम जम्पा और जॉश हेजलवुड।
