राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के चॉपर की लैंडिंग के दौरान हेलीपैड का हिस्सा धंसा

पथनमथिट्टा: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को सबरीमला ले जा रहे हेलीकॉप्टर के पहिये बुधवार सुबह यहां प्रमदम स्थित राजीव गांधी इंडोर स्टेडियम में उतरते समय कंक्रीट के नवनिर्मित हेलीपैड पर गड्ढे में फंस गए। राष्ट्रपति के सड़क मार्ग से पंबा के लिए रवाना होने के बाद टीवी चैनलों पर दिखाए गए दृश्यों में कई पुलिसकर्मी और अग्निशमन बल के जवान हेलीकॉप्टर के पहियों को छोटे-छोटे गड्ढों से धक्के देकर बाहर निकालते हुए दिखाई दिए। 

हेलीकॉप्टर के हेलीपैड पर उतरने के बाद ये गड्ढे बन गए। जिले के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि आखिरी समय में हेलीकॉप्टर उतारने के लिए स्टेडियम को चुना गया था और इसलिए मंगलवार देर रात वहां हेलीपैड बनाया गया। पहले विमान को पंबा के समीप निलक्कल में उतारने की योजना बनायी गयी थी लेकिन खराब मौसम के कारण इसे प्रमदम में उतारने का फैसला किया गया। 

अधिकारी ने बताया, ‘‘कंक्रीट पूरी तरह से जम नहीं पाया था इसलिए जब हेलीकॉप्टर उतरा तो वह उसका भार नहीं संभाल सका और जहां पहिए जमीन को छू रहे थे, वहां गड्ढे बन गए।’’ राष्ट्रपति मुर्मू केरल के चार दिवसीय आधिकारिक दौरे पर मंगलवार शाम को तिरुवनंतपुरम पहुंचीं और आज सुबह पथनमथिट्टा जिले के लिए रवाना हुईं, जहां एक पहाड़ी पर सबरीमला मंदिर स्थित है। मुर्मू प्रमदम से सड़क मार्ग से पंबा जा रही हैं जो सबरीमला की तलहटी में स्थित है। 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बुधवार को सबरीमला में भगवान अयप्पा मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगी। राष्ट्रपति चार पहिया वाहनों के काफिले में पंबा से सन्निधानम तक यात्रा करेंगी। वह सबरीमला स्थित भगवान अयप्पा मंदिर में पूजा-अर्चना करने वाली पहली महिला राष्ट्राध्यक्ष होंगी। साथ ही वह मंदिर के दर्शन करने वाली दूसरी राष्ट्रपति भी होंगी क्योंकि उनसे पहले पूर्व राष्ट्रपति वी. वी. गिरि ने 1970 के दशक में सबरीमला के दर्शन किए थे और वह एक डोली में सवार होकर मंदिर तक गए थे। 

राष्ट्रपति मुर्मू केरल पुलिस के पांच चार पहिया वाहनों के काफिले में 4.5 किलोमीटर लंबे स्वामी अय्यप्पन मार्ग और सन्निधानम के पारंपरिक ट्रैकिंग मार्ग से मंदिर तक जाएंगी। उनके काफिले में एक एम्बुलेंस भी होगी। वह यहां प्रमदम स्थित राजीव गांधी इंडोर स्टेडियम से सड़क मार्ग से पंबा पहुंचेंगी। वह सुबह आठ बजकर 40 मिनट पर हेलीकॉप्टर से प्रमदम पहुंची थीं। राज्य के देवस्वओम मंत्री वी. वासवन, पथनमथिट्टा के सांसद एंटो एंटनी और अन्य लोगों ने प्रमदम में उनका स्वागत किया। 

राष्ट्रपति का काफिला सुबह 7.25 बजे तिरुवनंतपुरम में राजभवन से हवाई अड्डे के लिए रवाना हुआ। सबरीमला में दर्शन के बाद मुर्मू शाम को तिरुवनंतपुरम लौटेंगी। बृहस्पतिवार को वह राजभवन में पूर्व राष्ट्रपति के आर नारायणन की प्रतिमा का अनावरण करेंगी। बाद में वह वर्कला के शिवगिरि मठ में श्री नारायण गुरु के महासमाधि शताब्दी समारोह का उद्घाटन करेंगी और कोट्टायम जिले के पाला में सेंट थॉमस कॉलेज के ‘प्लेटिनम जुबली’ समारोह के समापन समारोह में भाग लेंगी।

राष्ट्रपति मुर्मू 24 अक्टूबर को एर्नाकुलम में सेंट टेरेसा कॉलेज के शताब्दी समारोह में भाग लेकर अपने केरल दौरे का समापन करेंगी। वह केरल के चार दिवसीय आधिकारिक दौरे पर मंगलवार शाम को तिरुवनंतपुरम पहुंचीं। तिरुवनंतपुरम में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर केरल के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर, मुख्यमंत्री पिनराई विजयन, अन्य जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।