हिमाचलः नशा मुक्त किन्नौर की शपथ: PIB ने रिकांगपिओ में आयोजित की केंद्रित वार्ता; युवाओं और मीडिया कर्मियों ने ली नशा न करने की प्रतिज्ञा

रिकांगपिओ: उपायुक्त किन्नौर डाक्टर अमित कुमार शर्मा का कहना है कि देश में विश्वसनीय सूचनाओं के लिए वार्ता जैसे जिला स्तर पर आउटरीच कार्यक्रमों का अत्यधिक महत्व है। इनके जरिए न केवल सही सूचनाओं का मार्ग प्रशस्त होता है बल्कि प्रशासन और मीडिया के बीच सहज संवाद का सेतु भी कायम होता है। उन्होंने रिकांगपिओ में पत्र सूचना कार्यालय, शिमला और चंडीगढ़ द्वारा नशा मुक्त भारत अभियान, जनजातीय विकास, स्वच्छता, आपदा प्रबंधन एवं वन प्रबंधन जैसे विषय पर आयोजित केंद्रित वार्ता कार्यक्रम को मुख्यातिथि के तौर पर संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक किन्नौर अभिषेक सेकर विशेष अतिथि के रूप में मौजूद थे। इस दौरान केंद्र सरकार के नशा मुक्ति अभियान के तहत कार्यशाला में उपस्थित युवाओं और मीडिया कर्मियों को शपथ भी दिलाई गई।

इस मौके पर पीआईबीए चंडीगढ़ के मीडिया एवं संचार अधिकारी अहमद खान ने सूचना प्रसारण मंत्रालय की विभिन्न इकाइयों की कार्यप्रणाली पर प्रकाश डाला। उपयुक्त डाक्टर अमित कुमार शर्मा ने पीआईबी की विश्वसनीयता का कहा कि पीआईबी के जरिए न केवल उन्हें अपने करियर के दौरान मदद मिली है बल्कि जब भी विश्वसनीय सूचनाओं की जरूरत पड़ती है पीआईबी की इसमें अहम भूमिका होती है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी किन्नौर डाक्टर राकेश कुमार नेगी ने तंबाकू मुक्त युवा अभियान 3.0 एवं नशा मुक्त भारत अभियान विषय पर जानकारी दी।