देहरादून: तमाम मौसमी दुश्वारियों के बावजूद बद्रीनाथ धाम की यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह बना है। तीर्थयात्रियों की बढ़ती संख्या ने पिछले वर्ष का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। बुधवार तक 14 लाख 53 हजार 827 तीर्थयात्री भगवान बद्रीविशाल के दर्शन कर चुके हैं, जबकि कपाट करीब डेढ़ माह बाद बंद होंगे। पिछले वर्ष पूरे यात्राकाल में 14.35 लाख श्रद्धालु बद्रीनाथ धाम पहुंचे थे।
शासन-प्रशासन के कुशल यात्रा प्रबंधन ने खराब मौसम को यात्रियों की राह में रोड़ा नहीं बनने दिया और अब चारधाम यात्रा कीर्तिमान स्थापित कर रही है। मौसम के मिजाज को देखते हुए सभी यात्रा रूटों और पड़ावों में चाकचौबंद व्यवस्थाएं की गई हैं। अब बर्फबारी के चलते ठंड बढ़ने पर अलाव की भी व्यवस्था कर दी गई है। सरकार के इन पुख्ता इंतजामों के चलते श्रद्धालु पूरी निश्चिन्तता के साथ चारधाम यात्रा पर पहुंच रहे हैं। बता दें कि, केदारनाथ यात्रा ने भी नया रिकॉर्ड बनाया है। इस यात्रा काल में श्रद्धालुओं की संख्या 16.56 लाख के पार पहुंच चुकी है जबकि पिछले वर्ष पूरे यात्राकाल में 16.52 लाख यात्री पहुंचे थे।
यात्रा : कब बंद होंगे कपाट
गंगोत्री- 22 अक्टूबर
यमुनोत्री- 23 अक्टूबर
केदारनाथ- 23 अक्टूबर
बद्रीनाथ- 25 नवंबर
