देहरादून: उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) ने मंगलवार को मिलिट्री डेंटल सेंटर, देहरादून में पूर्व सैनिकों और उनके परिजनों के लिए आयोजित तीन दिवसीय निःशुल्क डेंटल कैंप का उद्घाटन किया। यह शिविर 19 से 21 अगस्त तक मुख्यालय उत्तराखंड सब एरिया के तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों को दंत स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और उन्हें मुफ्त दंत चिकित्सा सेवाएं प्रदान करना है।
यह कार्यक्रम उत्तराखंड सब एरिया और मिलिट्री डेंटल सेंटर के संयुक्त प्रयासों का परिणाम है, जिसमें स्टेशन यूनिट्स, ईसीएचएस पॉलीक्लिनिक देहरादून और क्लेमेंट टाउन के डेंटल अफसरों और पैरा-डेंटल स्टाफ ने भी सक्रिय सहयोग दिया।
कैंप के शुभारंभ के अवसर पर राज्यपाल गुरमीत सिंह ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह हमारे वीर पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के अच्छे स्वास्थ्य को सुनिश्चित करने की दिशा में एक अत्यंत प्रशंसनीय कदम है। उन्होंने कहा, “हमारे पूर्व सैनिकों और उनके परिजनों को गुणवत्तापूर्ण और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना हमारा नैतिक दायित्व है।”
राज्यपाल ने दंत स्वास्थ्य के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि अक्सर हम दांतों और मुंह की स्वच्छता को नजरअंदाज कर देते हैं, लेकिन “ओरल हेल्थ ही ओवरऑल हेल्थ” की कुंजी है। उन्होंने कहा कि मुंह को शरीर का द्वार माना गया है और यदि यह स्वस्थ न हो, तो पूरा शरीर बीमारियों का शिकार हो सकता है।
उन्होंने पूर्व सैनिकों से इस शिविर का अधिकतम लाभ उठाने का आग्रह किया। इस कैंप में दंत स्वास्थ्य जांच, स्केलिंग, मामूली सर्जरी और अन्य आवश्यक दंत चिकित्सा उपचार निःशुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे। यह पहल सैन्य परिवारों के कल्याण के प्रति सरकार और सैन्य प्रशासन की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
