मैनचेस्ट में भारत और इंग्लैंड के बीच चौथा टेस्ट मैच खेला जा रहा है। मैच में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी करने का न्योता दिया है। पहले दिन का खेल खत्म होने तक भारत ने चा विकेट के नुकसान पर 264 रन बना लिए हैं। मैच के दौरान टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत को अंगूठे में चोट लग गई थी, जिसके बाद वह रिटायर्ड हर्ट होकर मैदान से बाहर चले गए थे। मेडिकल जांच के बाद उनके पैर के अंगूठे में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई है। डाक्टरों ने उन्हें कम से कम 6 हफ्ते आराम की सलाह दी है। ऐसे में पंत की वापसी पर फिलहाल सस्पेंस बना हुआ है।
बता दें कि भारत की पारी के 68वें ओवर में जब पंत 37 रनों पर बल्लेबाजी कर रहे थे, तो उन्होंने इंग्लैंड के गेंदबाज क्रिस वोक्स के खिलाफ रिवर्स स्वीप खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद उनके जूते पर लग गई। गेंद ने उनके बल्ले का अंदरूनी किनारा लिया और पैर की उंगली पर जा लगी। इसके बाद पंत जमीन पर लेट गए और दर्द में कराहने लगे। उनका पैर सूज गया था और खून भी निकल रहा था। वह चल भी नहीं पा रहे थे, और फिजियो की मदद से उन्हें मेडिकल टीम की गाड़ी में बैठाकर मैदान के बाहर ले जाया गया।
बीसीसीआई सूत्रों ने बताया,’स्कैन में फ्रैक्चर पाया गया है। वह 6 हफ्ते तक नहीं खेल सकेंगे। मेडिकल टीम देख रही है कि क्या वह पेनकिलर लेकर दोबारा बल्लेबाजी कर सकते हैं, लेकिन अभी तो वह चल भी नहीं पा रहे हैं, इसलिए उनके दोबारा खेलने की संभावना बहुत कम है।’ इस बीच चयन समिति ने अंतिम टेस्ट (31 जुलाई से 4 अगस्त, ओवल) के लिए ईशान किशन को टीम में जोड़ने का फैसला किया है क्योंकि पंत अब उस मैच में नहीं खेल पाएंगे।
