आज है सावन माह का दूसरा मंगला गौरी व्रत, यहां पढ़ें व्रत की पूरी कथा

धर्म: सावन माह में पड़ने वाले हर व्रत और त्योहार का अपना विशेष महत्व होता है। सावन माह में मंगलवार को पड़ने वाले व्रत को मंगला गौरी व्रत के नाम से जाना जाता है। यह व्रत भगवान शिव और माता पार्वती के लिए रखा जाता है। इस दिन सुहागिन महिलाएं अपने पति की लंबी आयु और अच्छे स्वास्थ्य के लिए व्रत रखती हैं और कामना करती हैं कि उनका वैवाहिक जीवन सदैव सुखी रहे। मंगला गौरी व्रत के दिन इस व्रत की कथा पढ़ना या सुनना फलदायी होता है। मंगला गौरी व्रत की व्रत कथा यहाँ पढ़ें।

मंगला गौरी व्रत कथा: एक समय की बात है, एक साहूकार अपनी पत्नी के साथ एक छोटे से गाँव में रहता था। साहूकार धनवान था और उसके घर में किसी भी प्रकार की कोई कमी नहीं थी, फिर भी वह और उसकी पत्नी संतान न होने के कारण दुखी थे। संतान की कमी उन्हें हमेशा सताती रहती थी। एक दिन उस साहूकार के घर एक संत आए, साहूकार ने उनका आदर किया और उन्हें अपनी समस्या बताई। साधु ने साहूकार की पत्नी को सावन के मंगलवार को मंगला गौरी व्रत रखने की सलाह दी। साथ ही, पूजा विधि की भी पूरी जानकारी दी। इसके बाद, साहूकार की पत्नी सावन के पहले मंगलवार से गौरी मंगला पूजा व्रत रखने लगी। अब वह हर मंगलवार को विधिपूर्वक व्रत और पूजा करने लगी। इस प्रकार उसने कई महीनों तक वह व्रत रखा। एक दिन उसकी धार्मिक भक्ति से प्रसन्न होकर माता पार्वती ने भगवान शिव से साहूकार और उसकी पत्नी को संतान प्राप्ति का वरदान माँगा।

उसी रात, एक दिव्य शक्ति साहूकार के सपने में प्रकट हुई और बोली – एक आम के पेड़ के नीचे भगवान गणेश की मूर्ति विराजमान है, तुम उस पेड़ से एक आम तोड़कर अपनी पत्नी को खिलाओ, इससे तुम्हें संतान सुख प्राप्त होगा। अगली सुबह साहूकार उठा और उसने अपनी पत्नी को इस सपने के बारे में बताया और वह उस आम के पेड़ को खोजने निकल पड़ा। काफी देर तक खोजने के बाद, आखिरकार साहूकार को वह आम का पेड़ मिल गया जहाँ भगवान गणेश की मूर्ति विराजमान थी। वह आम तोड़ने के लिए पेड़ पर पत्थर फेंकने लगा।

पत्थर फेंकते समय एक आम टूटकर नीचे गिर गया, लेकिन गलती से एक पत्थर भगवान गणेश की मूर्ति पर लग गया। इससे भगवान गणेश क्रोधित हो गए और उन्होंने प्रकट होकर साहूकार को श्राप दिया- हे स्वार्थी! तूने अपने स्वार्थ के कारण मुझे दुःख पहुँचाया है। तुझे माता पार्वती की कृपा से एक संतान की प्राप्ति होगी, लेकिन वह 21 वर्ष की आयु में ही मर जाएगा। यह सुनकर साहूकार बहुत डर गया और वह घर वापस चला गया। उसने वह फल अपनी पत्नी को खिला दिया और इस घटना के बारे में किसी को नहीं बताया। कुछ समय बाद, भगवान शिव और माता पार्वती की कृपा से साहूकार और उसकी पत्नी को एक पुत्र की प्राप्ति हुई। इससे दोनों के जीवन में खुशियों की कोई सीमा नहीं रही, लेकिन साथ ही साहूकार को यह भी चिंता थी कि उसका पुत्र अल्पायु होगा।

जल्द ही वह लड़का 20 वर्ष का हो गया और अपने पिता के व्यापार में हाथ बँटाने लगा। एक दिन घर लौटते समय साहूकार तालाब के पास एक पेड़ की छाया में बैठकर अपने बेटे के साथ भोजन करने लगा। तभी कमला और मंगला नाम की दो लड़कियाँ वहाँ कपड़े धोने आईं और कपड़े धोते-धोते आपस में बातें करने लगीं। कमला ने मंगला से कहा कि, मैंने इस सावन के महीने में प्रत्येक मंगलवार को मंगला गौरी का व्रत रखने का निश्चय किया है, तुम भी माँ पार्वती को समर्पित यह व्रत अवश्य करो। इससे माँ पार्वती प्रसन्न होती हैं और उनकी कृपा तुम पर बनी रहती है। ऐसा करने से मनचाहा वर और अखंड सौभाग्य की प्राप्ति होती है। कमला की बात सुनकर मंगला भी इस व्रत को करने के लिए तैयार हो गई। उधर, साहूकार ने दोनों लड़कियों के बीच की यह पूरी बातचीत सुनी और उसने मन ही मन सोचा कि यह लड़की मंगला गौरी का व्रत रखेगी, इससे इसे अखंड सौभाग्य की प्राप्ति होगी। यह मेरे पुत्र के लिए एक योग्य वधू सिद्ध होगी। यह सोचकर वह उनके विवाह का प्रस्ताव लड़की के पिता के पास ले गया। गाँव में साहूकार की प्रतिष्ठा और सम्मान के कारण, कमला के पिता अपनी बेटी का विवाह साहूकार के बेटे से कर देते हैं। विवाह के बाद भी कमला विधि-विधान से मंगला गौरी का व्रत करती रहती है। उसकी भक्ति से प्रसन्न होकर एक दिन देवी पार्वती उसे स्वप्न में दर्शन देती हैं और कहती हैं, मैं तुम्हारी भक्ति से अत्यंत प्रसन्न हूँ, इसलिए तुम्हें अखंड सौभाग्य का वरदान देती हूँ।

किन्तु तुम्हारे पति की आयु अल्पायु होगी, इसलिए अगले महीने के मंगलवार को एक साँप तुम्हारे पति के प्राण लेने आएगा। तुम उसके लिए एक प्याले में मीठा दूध रख देना। उसके पास एक खाली बर्तन भी रख देना। साँप दूध पीकर उस बर्तन के पास चला जाएगा और फिर तुम उस बर्तन को ऊपर से कपड़े से ढक देना। अगले मंगलवार को कमला ने देवी पार्वती की बात मानकर एक प्याले में मीठा दूध रखा और पास में एक बर्तन भी रख दिया।

साँप आया, दूध पिया और बर्तन में जाकर बैठ गया। कमला ने उस बर्तन पर कपड़ा बाँधा और उसे जंगल में रख दिया। देवी पार्वती की कृपा से कमला के पति के प्राण बच गए। इस प्रकार मंगला गौरी व्रत के पुण्य से साहूकार का पुत्र श्राप से मुक्त हो गया। जब कमला ने घर में सभी को इस चमत्कार के बारे में बताया, तो सभी आश्चर्यचकित रह गए। इसके बाद साहूकार और उसकी पत्नी ने अपने पुत्र और पुत्र वधु को आशीर्वाद दिया और पूरा परिवार सुख पूर्वक जीवन व्यतीत करने लगा।