देहरादून: उत्तराखंड में आज देहरादून मौसम विभाग ने राज्य के सभी जनपदों के अधिकांश स्थानों में गरज-चमक के साथ बारिश होने का अनुमान जताया है। वहीं बीते दिनों से प्रदेश के सभी जनपदों में रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी है। भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। वहीं संपर्क मार्ग लगातार बाधित होने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
मौसम विभाग के मुताबिक राज्य के देहरादून, रुद्रप्रयाग, टिहरी और बागेश्वर जिले के कई क्षेत्रों में गरज और चमक के साथ बारिश होने का अंदेशा है। जिसके लिए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं राज्य के शेष जनपदों में भी गरज और चमक के साथ तेज बारिश का पूर्वानुमान जताया है। साथ ही येलो अलर्ट जारी कर लोगों को सतर्क रहने की अपील की है। देहरादून में आमतौर पर बादल छाए रहेंगे। कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश होने की संभावना है। अधिकतम तापमान 30°C के लगभग रहने की संभावना है।
रामनगर में मौसम ने ली करवट:
नैनीतात जिले के रामनगर में मौसम ने अचानक करवट ली और झमाझम बारिश शुरू हो गई। मूसलाधार बारिश होते ही लोगों ने राहत की सांस ली। बारिश के साथ ही तापमान में जबरदस्त गिरावट दर्ज की गई और मौसम सुहावना हो गया। हालांकि जहां एक ओर बारिश ने गर्मी से राहत दी, वहीं दूसरी ओर इससे समस्याएं भी पैदा हो गई है। रामनगर-हल्द्वानी राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित बेलगढ़ नाला तेज बारिश के चलते उफान पर आ गया है। नाले में पानी का बहाव इतना तेज है कि दोनों ओर से वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं। नाले में पानी का स्तर अधिक होने के कारण प्रशासन ने वाहनों की आवाजाही को अस्थायी रूप से रोक दिया है। दोनों ओर फंसे वाहन चालक और यात्री पानी के बहाव के कम होने का इंतजार कर रहे हैं।
