रिकांगपिओ: किन्नौर जिला के राजकीय माध्यमिक पाठशाला काफनू में आयोजित वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में बतौर मुख्यअतिथि राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी ने शिरकत की। कैबिनेट मंत्री ने जिला किन्नौर में शिक्षकों के रिक्त पदों को भरने का आश्वासन दिया तथा शिक्षकों को आधुनिक उपकरणों से पढ़ाई के संदर्भ में प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा ताकि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को प्रतिस्पर्धा के दौर में बल मिल सके। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकारी स्कूलों में पहली कक्षा से इंग्लिश मीडियम की पढ़ाई पर निरंतर कार्य कर रही है ताकि सरकारी एवं निजी स्कूलों के बीच का फासला कम हो सके और वंचित वर्गों के बीच में हीन भावना उत्पन्न न हो।
प्राचार्य अविनाश बिष्ट ने विद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की और विद्यालय की अन्य गतिविधियों से अवगत करवाया। राजस्व मंत्री ने विद्यालय में बॉक्सिंग रिंक व रोलर स्केटिंग रिंक को चरणबद्ध तरीके से स्थापित करने का आश्वासन दिया ताकि मानसिक विकास के अतिरिक्त शारीरिक विकास पर विद्यार्थियों का ध्यान केंद्रित हो सके। उन्होंने काफनू स्कूल को एक लाख रुपए की राशि प्रदान करने की घोषणा की। विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुति दी और उपस्थित लोगों का समा बांधा।
