रिकांगपिओ: अपने किन्नौर जिला के प्रवास के दौरान राजस्व, बागबानी, जनजातीय विकास एवं जन-शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी ने जिला की ग्राम पंचायत पांगी का दौरा किया। जहां उन्होंने पांगी पंचायत क्षेत्र में चल रहे विभिन्न निर्माणाधीन कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान राजस्व मंत्री ने स्थानीय लोगों की जन-समस्याओं से भी अवगत गए। इस दौरान उन्होंने पांगी ग्राम पंचायत में भू-स्खलन से क्षतिग्रस्त हुए सामुदायिक भवन तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया तथा अधिकारियों को इसे शीघ्र दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने भोक्टू फॉर्म में उगाई जा रही सेब की विभिन्न किस्मों के पौधों का भी निरीक्षण किया। पांगी में जनसभा को संबोधित करते हुए श्री नेगी ने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार जनजातीय जिलों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है तथा इस दिशा में निरंतर कार्य कर रही हैं।
वन अधिकार अधिनियम-2006 के तहत जनजातीय जिलों के निर्धन एवं भूमिहीन लोगों को उनकी अपनी जमीन उपलब्ध करवाने के लिए प्रदेश सरकार प्रयासरत है तथा ऐसे सभी पात्र लाभार्थी जिनके पास अपनी भूमि नहीं है, वह वन अधिकार अधिनियम-2006 के तहत अपना आवेदन वन अधिकार समिति के माध्यम से करें तथा इस अधिनियम का लाभ उठाएं। इस अवसर पर राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने विश्वकर्मा महिला मंडल पांगी को किन्नौर जिला की पारंपरिक वेश्-भूषा प्रदान करने का भी आश्वासन दिया। इस दौरान जिला परिषद सदस्य हितेश नेगी, पांगी ग्राम पंचायत के प्रधान कलजंग नेगी, उपमंडलाधिकारी कल्पा डा. मेजर शशांक गुप्ता, तहसीलदार कल्पा अभिषेक बरवाल पुलिस उपअधीक्षक नवीन जालटा उपअधिशाषी अभियंता जल शक्ति अभिषेक शर्मा अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण दिनेश सेन अधिशाषी अभियंता विद्युत टाशी नेगी सहित अन्य गणमान्य उपस्थित थे।
