देहरादून समेत कई इलाकों में मौसम शुष्क, सुबह-शाम बढ़ी ठंड

देहरादून: उत्तराखंड में मानसून के बाद मौसम का मिजाज बदल गया है। राजधानी समेत कई इलाकों में शुष्क मौसम बना हुआ है। ऐसे में दिन-प्रतिदिन सुबह-शाम ठंड बढ़ती जा रही है। वहीं, दोपहर में तेज धूप खिलने से गर्मी का एहसास हो रहा है। इस बीच मौसम विभाग ने दिवाली तक प्रदेश में ऐसा ही मौसम रहने की संभावना जताई है। मौसम विभाग ने पिछले कुछ दिनों में चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, पिथौरागढ़ आदि जिलों में हल्की बूंदाबांदी दर्ज की थी।

इससे देहरादून समेत कई इलाकों में तापमान में गिरावट भी दर्ज की गई थी। वहीं, रात में तापमान में गिरावट से लोगों को ठंड का एहसास हुआ। वहीं, मौसम विज्ञानियों के पूर्वानुमान के अनुसार अगले कुछ दिनों तक देहरादून में मौसम शुष्क रह सकता है। साथ ही, प्रदेश में पहाड़ से लेकर मैदान तक तेज धूप खिलने के आसार हैं। प्रदेश के कई इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रह सकता है। फिलहाल कहीं भी बारिश की संभावना नहीं है।