रिसोर्ट में अचानक आग लगने से मचा हड़कंप

किच्छा: नगर के सितारगंज मार्ग पर ग्राम उत्तम नगर स्थित रिसोर्ट में अचानक आग लगने से मौके पर हड़कंप मच गया। घटना के दौरान रिसोर्ट में विवाह की पार्टी कार्यक्रम चल रहा था। अचानक हुई घटना के बाद मौके पर अफरा तफरी मच गई। घटना की सूचना पर दो दमकल वाहन मौके पर पहुंच गए।

स्थानीय लोगों की मदद से दमकल की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। घटना में करीब 8 लाख कीमत का माल जलकर खाक हो गया। घटना स्थल क्षेत्र उत्तर प्रदेश का बताया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार पिपलिया मोड, किच्छा निवासी हरजिंदर सिंह पुत्र मोहन सिंह का सितारगंज मार्ग पर उत्तमनगर गुरुद्वारा के सामने संधू रिसोर्ट नाम से बारात घर है। बताया जा रहा है कि मंगलवार की शाम संधू रिसोर्ट में विवाह कार्यक्रम आयोजित हो रहा था। इसी दौरान पहली मंजिल पर ऑफिस के निकट स्थित सामान के गोदाम में अचानक आग लग गई।

कमरे में साजो- सज्जा एवं डेकोरेशन का समान रखा होने के चलते कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आग की ऊंची ऊंची लपटें उठने लगी। आग के भयंकर रूप धारण करने के चलते कमरे के बाहर लगे शीशे के दरवाजे एवं खिड़कियां जोर-जोर से फटने लगे। जिससे मौके पर हड़कंप मच गया।