पूरा हिमाचल प्रदेश आपदा प्रभावित क्षेत्र घोषित

शिमला: हिमाचल सरकार ने समूचे हिमाचल को प्राकृतिक आपदा प्रभावित क्षेत्र घोषित कर दिया है। राजस्व विभाग के प्रधान सचिव ओंकार शर्मा ने इस संबंध में अधिसूचना जारी की। इससे पहले मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा था कि अब तक राज्य को प्राकृतिक आपदा से करीब 10 हजार करोड़ रुपए नुकसान हो चुका है। राज्य को केंद्र सरकार से अंतरिम राहत की पहली किस्त मिलने का इंतजार है।

उन्होंने कहा कि सेना, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस, होम गार्ड, दमकल विभाग व स्थानीय लोगों की मदद राहत कार्यों में ली जा रही है। अभी तक राज्य में 12 हजार से अधिक घर क्षतिग्रस्त हुए हैं और 330 लोगों की जान चली गई हैं। प्रदेश में कृषि और बागवानी को भी भारी नुकसान हुआ है। खतरे के दृष्टिगत बहुत से लोगों को उनके घरों से सुरक्षित निकालकर दूसरे स्थानों पर पहुंचाया गया है। सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार राहत, बचाव एवं पुनर्वास के लिए युद्ध स्तर पर कार्य कर रही है।