छह महीने तक हड़ताल पर नहीं जा सकेंगे, उत्तराखंड में सरकारी कर्मचारी, नोटिस जारी

देहरादून: उत्तराखंड में सरकारी कर्मचारी अगले 6 महीने तक हड़ताल पर नहीं जा सकेंगे। मुख्यमंत्री धामी ने कर्मचारियों के हड़ताल पर जाने पर रोक लगा दी है। सरकार ने इसको लेकर एक नोटिफिकेशन भी जारी कर दिया है, इसके बावजूद यदि कोई कर्मचारी संगठन हड़ताल करता है तो उस पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

सरकार की तरफ से पर्सनल डिपार्टमेंट के सचिव कार्मिक शैलेश बगौली की ओर से जारी आदेश में कहा गया कि प्रदेश में संचालित हो रही चार धाम यात्रा और आगामी मानसून सीजन में संभावित आपदाओं को ध्यान में रखकर लोकहित में हड़ताल पर 6 महीने के लिए प्रतिबंध लगाया जा रहा है। यह प्रतिबंध उत्तर प्रदेश अत्यावश्यक सेवाओं का अनुरक्षण अधिनियम 1966 की धारा-3 व उपधारा-1 के तहत लगाया जा रहा है।