सरकार ने राहुल गांधी से की यात्रा रोकने की अपील, कांग्रेस बोली- क्या मोदी मास्क पहनकर गुजरात गए थे

नई दिल्ली: केंद्र सरकार ने राहुल गांधी से यात्रा रोकने की अपील की है। इसके लिए कोरोना महामारी बढ़ने का हवाला दिया है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने राहुल को लेटर लिखा है। उन्होंने कहा कि देश में एक बार फिर से कोरोना का खतरा बढ़ता जा रहा है, हेल्थ इमरजेंसी के हालात हैं। देश को बचाने के लिए भारत जोड़ो यात्रा रोक दें।

सरकार की अपील पर कांग्रेस ने कहा- भारत जोड़ो यात्रा से मोदी सरकार बौखलाई हुई है। क्या गुजरात चुनाव में PM मोदी मास्क लगाकर गए थे? स्वास्थ्य मंत्रालय का राहुल को पत्र- कोरोना प्रोटोकॉल न हो सकें तो यात्रा स्थगित कर दीजिए

लेटर में दो अपील की गई:-

स्वास्थ्य मंत्री ने राहुल को लिखे लेटर में कहा कि कई सांसदों ने चिंता जाहिर की है कि भारत जोड़ो यात्रा से कोरोना फैल रहा है। अपील की गई कि भारत जोड़ो यात्रा में कोविड गाइडलाइन का सख्ती से पालन हो। यात्रा में जो लोग भी शामिल हो रहे हैं , सभी ने वैक्सीन जरूर लगवाई हो।इतनी बड़ी यात्रा में कोविड प्रोटोकॉल का पालन करना संभव नहीं है। ऐसे में पब्लिक हेल्थ इमरजेंसी के हालातों को देखते हुए यात्रा रोक देना ही सही रहेगा।

कांग्रेस बोली- भारत जोड़ो यात्रा से मोदी सरकार बौखला गई:-

कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा से मोदी सरकार बौखलाई हुई है। आम लोगों का ध्यान भटकाने के लिए भाजपा तरह-तरह के सवाल उठा रही है। उन्होंने BJP से सवाल किया कि क्या चुनाव के समय PM मोदी मास्क लगाकर गुजरात गए थे?

अचानक भारत जोड़ो यात्रा पर इतना ध्यान क्यों?

कांग्रेस सांसद कार्ति चिदंबरम ने कहा कि मैंने अभी तक लेटर नहीं देखा है, लेकिन अभी तक तो प्रोटोकॉल को लेकर कोई नियम नहीं आया है। उन्होंने कहा कि मुझे ये नहीं समझ आ रहा है कि अचानक भारत जोड़ो यात्रा पर इतना ध्यान क्यों दिया जा रहा है?

7 सितंबर से शुरू हुई यात्रा:-

राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा 7 सितंबर से शुरू हुई थी। आज यात्रा राजस्थान से हरियाणा पहुंच गई है। राजस्थान में भारत जोड़ो यात्रा में भारी भीड़ देखने मिली। हजारों की संख्या में लोग राहुल से मिलने और यात्रा में शामिल होने के लिए दूसरे जिलों से भी पहुंचे। हरियाणा में भी उनके साथ-साथ सैकड़ों की भीड़ चल रही है।