कांग्रेस कमेटी महासचिव का शेड्यूल तय, प्रियंका गांधी 31 को कुल्लू में मांगेंगी वोट

कुल्लू : 40 स्टार प्रचारकों के साथ हिमाचली रण में उतरने वाली कांग्रेस के अभियान की बागडोर एक बार फिर प्रियंका गांधी वाड्रा के हाथ में हैं। 31 अक्तूबर को प्रियंका गांधी कुल्लू से प्रचार अभियान की शुरुआत करेंगी। प्रियंका के सोलन दौरे के दौरान ही तय हो गया था कि वह अन्य तीन लोकसभा क्षेत्रों में भी आएंगी और जनसभा को संबोधित करेंगी। प्रियंका गांधी के लिए कांग्रेस ने दोहरी तैयारी की है। इसमें रोड शो और जनसभा दोनों के लिए तैयारियां की गई हैं। प्रियंका गांधी 31 अक्तूबर को मंडी संसदीय क्षेत्र का दौरा करेंगी।

एक दिन में दोनों जिलों में कांग्रेस ने बड़े आयोजन की तैयारियां की है। इनमें कुल्लू में रोड शो का आयोजन होगा, जबकि मंडी में जनसभा में प्रियंका गांधी कांग्रेस के पक्ष में हवा बनाने का काम करेंगी। इसके बाद प्रियंका गांधी कांगड़ा संसदीय क्षेत्र का दौरा करेंगी। यह दौरा चार नवंबर को होगा। दौरे की शुरुआत चंबा जिला से होगी। यहां प्रियंका गांधी रोड शो करेंगी, जबकि कांगड़ा में जनसभा का आयोजन किया जाएगा। सात नवंबर को ऊना में रोड शो होगा, तो वहीं इसी दिन हमीरपुर में जनसभा को संबोधित करेंगी।

दस नवंबर को प्रियंका गांधी शिमला और सिरमौर जिलों में मौजूद रहेंगी। यहां शिमला में रोड शो होगा, तो सिरमौर में जनसभा का आयोजन किया जाएगा। हालांकि कांग्रेस के अन्य नेताओं को लेकर अभी किसी तरह का ऐलान पार्टी की तरफ से नहीं हुआ है। पार्टी हाइकमान ने जिन 40 नेताओं को हिमाचल में प्रचार की जिम्मेदारी सौंपी है। उनमें निवर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी, मौजूदा अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े, राहुल गांधी, मुकुल वासनिक, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, सचिन पायलट समेत कई नाम शामिल हैं। हालांकि राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा पर हैं और उनकेआने को लेकर अभी भी संशय बना हुआ है।