अमेरिका की उपराष्ट्रपति कमला हैरिस के आवास पर मनाई गई दीपावली

वाशिंगटन: अमेरिका की उपराष्ट्रपति कमला हैरिस आधिकारिक आवास पर शुक्रवार को रोशनी के पर्व दीपावली की धूम रही। इस मौके पर उन्होंने 100 से अधिक प्रमुख भारतीय और अमेरिकियों को रोशनी का पर्व मनाने के लिए आमंत्रित किया।

उपराष्ट्रपति कमला हैरिस के आधिकारिक आवास नेवल आब्जर्वेटरी को रंगीन रोशनी और मिट्टी के दीपकों से सजाया गया। मेहमानों के लिए ‘पानी पूरी’ से लेकर पारंपरिक मिठाइयों और लजीज भारतीय व्यंजनों की व्यवस्था की गई।

चेन्नई में अपने दादा-दादी के साथ बचपन में खुशी मनाने के अपने दिनों को याद करते हुए हैरिस ने कहा कि दीपावली संस्कृतियों और समुदायों से परे है। यह त्योहार अंधेरे पर प्रकाश की प्रासंगिकता से प्रेरित होने और अंधेरे के क्षणों में प्रकाश डालने के बारे में है। यही वो क्षण हैं जब दीपावली जैसा त्योहार हमें अंधेरे के क्षणों में प्रकाश लाने की शक्ति के महत्व की याद दिलाता है।

हैरिस ने अतिथियों को छुड़ाने के लिए फुलझड़ियां दी। सभी ने एक दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं भी दीं। इससे पहले लड़कियों के एक समूह ने लोकप्रिय बालीवुड हिट गाने जैसे ‘जय हो’ और ‘ओम शांति’ पर प्रस्तुति दी। इस मौके पर विशेष रूप से सर्जन जनरल डॉ. विवेक मूर्ति, राष्ट्रपति की विशेष सलाहकार नीरा टंडन, बाइडन के भाषण लेखक विनय रेड्डी और भारत में अमेरिका के पूर्व राजदूत रिच वर्मा मौजूद रहे।

हैरिस के आवास पर दीपावली मनाने पहुंचे इंडियास्पोरा के संस्थापक एमआर रंगास्वामी ने कहा कि एक अमेरिकी के रूप में मुझे सभी धर्मों के त्योहारों को मुख्यधारा के रूप में शामिल करते हुए देखकर गर्व हुआ। यह विविधता है। दीपावली सही मायने में अमेरिकी संस्कृति की मुख्यधारा का हिस्सा बन गई है।