प्रियंका वाड्रा के बाद अब सोनिया गांधी पहुंचीं शिमला

शिमला: राष्ट्रीय कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी सोमवार को शिमला पहुंचीं। जानकारी के मुताबिक राष्ट्रीय कांग्रेस अध्यक्ष सुबह करीब पौने 11 बजे के आसपास शिमला के समीप छराबड़ा स्थित प्रियंका वाड्रा के बंगले में पहुंचीं। राष्ट्रीय कांग्रेस महासचिव प्रियंका वाड्रा गत 4 अक्तूबर को शिमला आई थीं, तब से वह यहीं पर रुकी हुई हैं। गौर हो कि आगामी 14 अक्तूबर को सोलन में कांग्रेस की महा रैली रखी गई है, जिसमें सोनिया गांधी व प्रियंका वाड्रा का शामिल होने का कार्यक्रम बताया जा रहा है।

सोनिया गांधी के शिमला आने पर प्रदेश कांग्रेस में उत्साह व जोश भर गया है। उक्त रैली में वे प्रदेश में होने वाले विधान सभा चुनाव की शरूआत कर सकती हंै, जिसे देखते हुए सोनिया गांधी के इस निजी दौरे को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उधर, प्रियंका वाड्रा सप्ताह भर पहले ही शिमला आ गई थीं, वह छराबड़ा स्थित अपने बंगले में रुकी हुई हैं। अब सोनिया गांधी के आने के बाद अगली चुनावी रणनीति तैयार की जा सकती है।

गौर हो कि प्रदेश में आने वाले विधानसभा चुनाव प्रदेश कांग्रेस के लिए अहम हैं। वर्तमान में हिमाचल प्रदेश में भाजपा की सरकार है। हालांकि प्रदेश भाजपा चुनाव की तैयारियों में जुट गई है। इसको लेकर यहां प्रधानमंत्री की एक रैली हो चुकी है, लेकिन कांग्रेस के किसी भी बड़े नेता की रैली अभी हिमाचल में नहीं हुई है।