सोनिया गांधी पहुंचीं शिमला, प्रियंका के साथ रुकी हैं छराबड़ा में

शिमला: कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के बाद अब उनकी मां एवं पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी भी सोमवार सुबह यहां पहुंच गई हैं। सोनिया ने चंडीगढ़ से शिमला तक का सफर सड़क मार्ग से तय किया।

कड़ी सुरक्षा के बीच सोनिया का काफिला राजधानी पहुंचा। सोनिया गांधी शिमला के पास छराबड़ा में प्रियंका वाड्रा के घर गईं। सोनिया के पहुंचने से प्रदेश में कांग्रेस के टिकटों के लिए मचे घमासान की वजह से राजनीतिक हलचल बढ़ गई हैं। सोनिया गांधी का यह निजी दौरा है। वह दो दिन रुकेंगी। इस दौरान उनका पार्टी के किसी भी नेता से मिलने का आधिकारिक कार्यक्रम नहीं है।

प्रियंका गांधी छराबड़ा में 04 अक्टूबर से हैं। वह 14 अक्टूबर को सोलन में कांग्रेस की चुनाव जनसभा को संबोधित करेगी। सोनिया के शिमला प्रवास के कारण नई दिल्ली में आज प्रस्तावित केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक स्थगित कर दी गई है। यह बैठक अब 14 अक्टूबर को हो सकती है। इसी सप्ताह हिमाचल प्रदेश के चुनाव कार्यक्रम का ऐलान होने की संभावना हैं। कांग्रेस ने अभी तक उम्मीदवार घोषित नहीं किए हैं।