समुद्री सीमा पार करने पर पाकिस्तान ने 16 भारतीय मछुआरों को पकड़ा

इस्लामाबाद: पाकिस्तान की समुद्री सीमा में जाने पर पाकिस्तान ने 16 भारतीय मछुआरे को गिरफ्तार किया है और दो नौका जब्त की है। पाकिस्तान के अधिकारियों ने इसकी पुष्टि की है।

पाकिस्तान समुद्री सुरक्षा एजेंसी (पीएमएसए) ने कहा कि उनके एक जहाज ने मंगलवार को पाकिस्तान में समुद्री क्षेत्रों में नियमित निगरानी के दौरान 16 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार किया है और दो भारतीय नौकाओं को जब्त किया।

पीएमएसए ने एक बयान में कहा कि भारतीय नौकाओं को समुद्र में पाकिस्तानी कानून और संयुक्त राष्ट्र कानून के उल्लंघन के आरोप में पकड़ा गया है।प्रारंभिक जांच के बाद, नौकाओं को कराची ले जाया गया और पकड़े गए मछुआरों को आगे की कानूनी औपचारिकताओं को पूरा करने के लिए डॉक्स पुलिस को सौंप दिया गया। पीएमएसए के जहाज, विमान और नावें स्थानीय मछुआरों के हितों की रक्षा के लिए नियमित रूप से पाकिस्तान के समुद्री क्षेत्रों की गश्त और निगरानी करते हैं, जबकि यह सुनिश्चित करते हैं कि कोई भी विदेशी मछली पकड़ने वाला जहाज देश के विशेष आर्थिक क्षेत्र (ईईजेड) के अंदर अवैध शिकार न करे।

गौरतलब है कि पाकिस्तान और भारत नियमित रूप से एक दूसरे देश के मछुआरों को समुद्री सीमा का उल्लंघन करने के लिए गिरफ्तार करते रहते हैं।