हमारे संकल्प विकल्प रहित हैं और हम संकल्प को सिद्धि तक ले जाने का काम कर रहे हैं : मुख्यमंत्री धामी

गोपेश्वर: मुख्यमंत्री ने गुरुवार को चमोली जिले के पोखरी में सात दिवसीय हिमवंत कवि चंद्र कुंवर बत्र्वाल खादी एवं ग्रामोद्योग मेले में शिकरकत करते हुए कहा कि राज्य का विकास उनकी सरकार की शीर्ष प्राथमिकता है और हर क्षेत्र के विकास के लिए संकल्पबद्ध है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि हमारी सरकार ने जो भी संकल्प लिए हैं, उनको पूरा किया जा रहा है। हमारे संकल्प विकल्प रहित हैं और हम संकल्प को सिद्धि तक ले जाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ग्रामोदय से भारत उदय मिशन के साथ लगातार काम कर रही है। केन्द्र और राज्य सरकार के माध्यम से गरीब कल्याण के लिए अनेक योजनाएं शुरू की गई हैं।

प्रकृति के चितेरे कवि चन्द्र कुंवर बत्र्वाल को श्रद्धांजलि देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रख्यात कवि बत्र्वाल ने मात्र 28 साल की उम्र में हिन्दी साहित्य को अनमोल कविताओं का समृद्ध खजाना दे दिया था। उनकी कविताओं में अटूट प्रकृति प्रेम झलकता है। जीवन के इस छोटे सफर में उन्होंने सात सौ से भी ऊपर कविताएं, गीत, मुक्तक, निबंध आदि लिखकर एक इतिहास रचा है। हिम पण्डित शैल शिखर, सदानीरा कल कल करती नदियां, लंबे चौडे़ लहलहाते चारागाह, दूर दूर तक फैले चीड, बांज, बुरांश, देवदार के घने जंगल, रंग बिरंगे फूलों से लदालद भरी घाटियां, पशु पक्षी, ऋतुओं का पट-परिवर्तन, घन गर्जन सभी का चमत्कारिक चित्रण उनकी कविताओं में मिलता है।

सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हमारे राज्य के साथ ही पूरे देश में अनेक कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने दुनिया को संदेश दिया कि तीसरा दशक उत्तराखण्ड का होगा। राज्य जब 25वां स्थापना दिवस मना रहा होगा, तब राज्य सभी क्षेत्रों में देश का अग्रणीय एवं आदर्श राज्य होगा। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री के नेतृत्व में 21वीं सदी का दशक उत्तराखंड का दशक होगा, जो पर्यटन, स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार, कृषि जैसे विभिन्न क्षेत्रों में नंबर वन बनेगा। कहा हमारी सरकार हर समय जनता की सेवा में समर्पित है।

यूकेएसएसएससी पेपर लीक मामले में सीएम ने कहा कि नौजवानों के भविष्य के साथ खिलवाड़ नही होने दिया जाएगा। दोषी और भ्रष्टाचारियों को कड़ी सजा दी जाएगी। युवाओं का समय खराब न हो इसके लिए लोक सेवा आयोग के माध्यम से शीघ्र अतिशीघ्र सात हजार पदों की परीक्षाएं कराने का निर्णय लिया गया है। जल्द ही सरकार 12 हजार रिक्त पदों को भरने के लिए भी विज्ञप्ति जारी करने जा रही है।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने पोखरी नगर में सीसी और टाइल्स मार्गों के निर्माण, पोखरी नगर में नालों का निर्माण, नगर पंचायत पोखरी में सोलर लाइट स्थापित करने, पोखरी में मिनी स्टेडियम के अवशेष निर्माण कायके लिए धनराशि की स्वीकृति, पुष्करेश्वर महादेव मंदिर पोखरी गांव तक सिंचाई सिंचाई विभाग के नाला निर्माण कार्य और राजकीय पोखरी मेले को पांच लाख की धनराशि देने की घोषणा भी की। इससे पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के पोखरी पहुंचने पर क्षेत्रवासियों ने पारम्परिक बाध्य यंत्र एवं फूल मालाओं के साथ भव्य स्वागत किया।

नगर पंचायत अध्यक्ष लक्ष्मी प्रसाद पंत ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए शॉल, मोमेंटों एवं चन्द्र कुंवर बत्र्वाल का चित्र भेंट किया।

इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष रघुवीर सिंह बिष्ट, कर्णप्रयाग विधायक अनिल नोटियाल, पूर्व थराली विधायक मुन्नी देवी शाह, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष सुशीला तिवारी, को ऑपरेटिव बैंक अध्यक्ष गजेन्द्र सिंह बिष्ट, जिलाधिकारी हिमांशु खुराना, पुलिस अधीक्षक श्वेता चैबे, एडीएम डा.अभिषेक त्रिपाठी, मेलाधिकारी/एसडीएम कमलेश मेहता, एसडीएम संतोष कुमार पांडेय आदि मौजूद थे।