चम्पावत की ही भांति पूरे प्रदेश में लड़ेंगे चुनाव :महेन्द्र भट्ट

देहरादून: भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट ने कहा कि चम्पावत चुनाव की भांति ही पूरे प्रदेश के चुनाव को बूथवार लड़ने का संगठन का प्रयास है। उन्होंने कहा कि इसी तर्ज पर चुनाव लड़ा जाएगा ताकि भाजपा को अधिकाधिक मत को मिलें। इसके लिए हम सब कार्यकर्ताओं को विशेष प्रयास करना होगा।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भट्ट ने अपनी टीम की घोषणा के बाद बुधवार को पहली बार भाजपा प्रदेश मुख्यालय में हुई पत्रकार वार्ता में अपनी प्राथमिकताएं गिनाईं। उन्होंने कहा कि पार्टी संगठन का प्रयास है कि प्रदेश के चुनाव को बूथवार लड़ा जाएगा। पार्टी उन 23 विधानसभा सीटों पर जहां हम चुनाव हारे हैं, इन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा ताकि आगामी चुनाव में वहां भी पार्टी की विजय पताका फहराई जाए।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि संगठन ने जिस विश्वास के साथ उन्हें यह दायित्व सौंपा है, उसको पूरा करने का उनका पूरा प्रयास होगा। इसमें संगठन के कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि प्रदेश टीम की घोषणा हो चुकी है। मोर्चें, प्रकोष्ठों के गठन के साथ-साथ 15 सितम्बर तक 28 विभागों की भी घोषणा कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव की दृष्टि से टीम उत्तराखंड गठित हो चुकी है। मेरा बूथ सबसे मजबूत, यह थीम इस बार भी हम सबके लिए महत्वपूर्ण होगी। बूथों की मजबूती का मूल्यांकन किया जाएगा। इसके लिए पदाधिकारियों को बूथ से जोड़ा जाएगा।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पांच लोकसभा और तीन राज्यसभा सदस्यों को भी उन क्षेत्रों का प्रभार सौंपा जाएगा जहां हमारे विधायक नहीं है। इनमें हरिद्वार, ऊधमसिंहनगर विशेष रूप से शामिल हैं। हमारे सांसद इन क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं के माध्यम से व्यवस्थाओं को चाक चौबंद करेंगे। संगठन का स्वरूप और मजबूत हो इस दिशा में कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि केन्द्र से सांगठनिक रूप से कुछ जिले बनाने का आग्रह किया गया है, उनका निर्देश मिलने पर सांगठनिक जिलों के हिसाब से टीम बनाई जाएगी।

उन्होंने कहा कि हमारे वरिष्ठ कार्यकर्ता, कार्यकर्ताओं के मार्गदर्शन और युवाओं के दम पर हम हमेशा चुनाव को तैयार रहते हैं। आगामी 2024 की दृष्टि से कार्यकर्ताओं के साथ-साथ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का मार्गदर्शन, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के निर्देशन पर हम सब मिलकर कार्य करेंगे और चुनाव में भारी जीत हासिल करेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा में कोई कार्यकर्ता अपेक्षित या उपेक्षित नहीं होता। हर व्यक्ति और हर कार्यकर्ता को सांगठनिक दृष्टि से कार्य करना है और हम सब मिलकर कार्य करेंगे तभी संगठन की मजबूती बढ़ेगी।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा उत्तराखंड की दुरुहता को देखते हुए केन्द्र से सांगठनिक जिलों की मांग की गई है। उनकी अनुमति मिलते ही सांगठनिक जिलों का गठन अलग-अलग किया जाएगा। एक सवाल कि क्या सांगठनिक जिले सरकारी दृष्टि से भी काम करेंगे, उन्होंने कहा कि सरकार और संगठन दोनों का प्रकरण अलग-अलग है। हम सारे कार्य संगठन की मजबूती को दृष्टिगत रखते हुए करते हैं। उन्होंने कहा कि केन्द्र और राज्य में हमारा कार्यकर्ता सबसे सुव्यवस्थित ढंग से कार्य करता है। हम सभी कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय बनाकर सांगठनिक मजबूती को आगे बढ़ाएंगे। उन्होंने कहा कि वरिष्ठों का अनुभव और युवाओं का उत्साह हमारे लिए मार्गदर्शन का कार्य करता है। कार्यक्रम का संचालन मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने किया।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भट्ट ने कहा कि उनकी नई टीम में पार्टी हाईकमान ने क्षेत्रीय और जातीय संतुलन साधने का प्रयास किया है। इसके अलावा अनुभव के साथ युवा और महिला दोनों वर्गों को भी तरजीह दी गई है। पूर्व में मदन कौशिक की टीम में संगठनात्मक जिलों में महानगर और दून के पास सबसे ज्यादा आठ पद थे। इसके बाद नैनीताल में तीन और यूएस नगर के दो नेताओं के पास संगठन की जिम्मेदारी थी। अब, भट्ट की टीम में सभी जिलों के नेताओं का ख्याल रखा गया है। पौड़ी, यूएस नगर और नैनीताल जिले को चार-चार पद दिए गए हैं, जबकि देहरादून जिला और महानगर को दो-दो पदों का प्रतिनिधित्व सौंपा गया है। हरिद्वार के खाते में भी दो पद आए हैं।

भाजपा की नई टीम में कुमाऊं और गढ़वाल मंडल से 14-14 पद बांटें गए हैं। एक तरह से पार्टी ने दोनों मंडलों को बराबर मान दिया है। वहीं ठाकुर-ब्राह्मण दोनों वर्गों को भी खुश कर दिया। दोनों वर्गों को बराबर नौ-नौ पदों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। संगठन में पांच पूर्व विधायकों को जगह देकर जहां अनुभव का समावेश किया गया है वहीं, महिलाओं का भी प्रतिनिधित्व बढ़ाकर उन्हें छह पद दिए गए हैं। उम्र के लिहाज से बात करें तो संगठन में 95 फीसद पदाधिकारी 40 से 56 साल के बीच के हैं।

पत्रकार वार्ता में प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट के अलावा महामंत्री आदित्य कोठारी, उपाध्यक्ष नीरू देवी, मंत्री आदित्य चौहान, कार्यालय सचिव कौस्तुभानंद जोशी, निवर्तमान उपाध्यक्ष डॉ. देवेंद्र भसीन, नवीन ठाकुर, विनोद सुयाल समेत तमाम प्रमुख लोग उपस्थित थे।